Header Ads Widget

300 साल पुराने शिव मंदिर पर चला बुलडोजर. तीन मंदिर तोड़े जाने का आरोप ,कांग्रेस विधायक सहित तीन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

 



ब्रज भूमि कल्याण परिषद ने अलवर में तीन मंदिर तोड़े जाने का आरोप लगाया है। जिसके बाद कांग्रेस विधायक सहित तीन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

अलवर के राजगढ़ में तीन मंदिरों को तोड़े जाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद भाजपा कांग्रेस सरकार पर हमलावर हो गई है। भाजपा के आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने इस मामले में कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि करौली और जहांगीरपुरी पर आंसू बहाना और हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाना, यही कांग्रेस का सेक्युलरिजम है। 


मीडिया रिपोर्टस के अनुसार अलवर के राजगढ़ में तीन मंदिर पर बुलडोजर चलाया गया है। जिससे करीब 300 साल पुराने शिव मंदिर की मूर्तियां खंडित हुई हैं। मंदिर तोड़े जाने की वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। 



कहा जा रहा है कि 17 अप्रैल को राजगढ़ के शिव मंदिर को तोड़ा गया है। मास्टर प्लान के तहत कस्बे के गोल सर्किल से मेला का चौराहा के मध्य मार्ग में बाधा बने दुकानों और मकानों को ध्वस्त करने को लेकर बुलडोजर चलाया गया। इसी क्रम में मंदिर को अतिक्रमण बताकर प्रशासन की टीम बुलडोजर के साथ पहुंची और उन्होंने मंदिर के गुंबज को तोड़ दिया। इसके बाद शिवलिंग को कटर की मदद से काटा गया। इस दौरान हनुमान जी सहित अन्य देवी-देवताओं की मूर्ति तोड़ी गई है। 

आरोप-भाजपा को वोट देने पर लिया गया बदला
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मंदिर तोड़े जाने की शिकायत लेकर हम कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा के पास गए थे। उन्होंने कहा कि बोर्ड भाजपा का बनाते हो और शिकायत हमसे करते हो। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि भाजपा को वोट देने के कारण उनसे बदला लिया गया है। मंदिर और मकान इसी कारण तोड़े गए हैं।

कांग्रेस विधायक के बयान का वीडियो आया सामने
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि विधायक जौहरीलाल मीणा ने मंच से कहा था कि कांग्रेस का बोर्ड होता तो बुलडोजर नहीं चलता। अब बबूल का पेड़ बोया है तो आम कहां से आएगा। आपको 24 घंटे का समय दिया जाता है, आप 34 पार्षदों को मेरे घर लेकर आओ कार्रवाई रुक जाएगी। नहीं तो मैं कार्रवाई नहीं रोक पाउंगा। विधायक के इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जौहरीलाल मीणा का यह वीडियो 14 अप्रैल का बताया जा रहा है, जब वो एक उद्घाटन कार्यक्रम में राजगढ़ आए।

कांग्रेस विधायक सहित तीन के खिलाफ शिकायत दर्ज
ब्रज भूमि कल्याण परिषद ने कांग्रेस विधायक और तीन अधिकारियों पर तीन मंदिर तोड़े जाने का आरोप लगाया है। जिसके बाद उन्होंने राजगढ़ के कांग्रेस विधायक जौहरीलाल मीणा, एसडीएम और नगरपालिका के सीआईओ के खिलाफ राजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। 
 

जौहरी मीणा ने लगाया भाजपा बोर्ड पर आरोप
शिकायत दर्ज होने के बाद राजगढ़ विधायक जौहरी लाल मीणा ने सफाई दी है। राजगढ़ में भाजपा का बोर्ड है। विधायक ने कहा कि 35 पार्षदों के बोर्ड में 34 विधायक भाजपा के हैं। एक कांग्रेस का है। ऐसे में अतिक्रमण हटाना, सड़क चौड़ी करना और मंदिर हटाना सब निर्णय भाजपा की बोर्ड लेती है। एक पार्षद 34 पार्षदों के फैसले को नहीं बदल सकता है। विधायक ने कहा कि मैं और मेरा परिवार भगवान में आस्था रखते हैं। हमने ये नहीं किया है।

रामलाल शर्मा ने गहलोत की औरंगजेब से की तुलना
राजस्थान भाजपा के प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा ने गहलोत सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि जिस वक्त जहांगीरपुरी में दंगाइयों के अतिक्रमण पर बुलडोजर चल था, उसी वक्त जहांगीरपुरी का बदला लेने राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने अलवर में 300 साल पुराना शिवालय बुलडोजर से ढहा दिया। दंगाइयों के अतिक्रमण ढहाने पर रोने वाले गहलोत ने औरंगजेब बन शिवालय ढहाने में एक क्षण नहीं लगाया।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल जाएगी अलवर
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने बताया कि इस मामले में पार्टी ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी मौके पर जाकर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर रिपोर्ट सौंपेगीl जिसमें सीकर के सांसद सुमेधानंद सरस्वती, पार्टी उपाध्यक्ष नारायण सिंह देवल, विधायक चंद्रकांता मेघवाल, राजेंद्र सिंह शेखावत, बृजकिशोर उपाध्याय और भवानी मीणा शामिल हैं। 

पूनिया ने कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि 300 साल पुराना मंदिर कैसे अतिक्रमण हो सकता है। कांग्रेस विधायक ने 34 पार्षदों को लाने की बात कही। ये सारी कार्रवाई सरकार के इशारे पर हुई है। सतीश पूनिया ने कहा कि जौहरीलाल मीणा के बेटे पर दुष्कर्म का आरोप लगा था। वो वीडियो में कहते दिख रहे हैं कि मेरे पुत्र को आरोपित करोगे तो अपने कर्मों की सजा भुगतोगे। विधायक ने यह सब जनता को डराने के लिए किया है। 

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर लगाए आरोप
गहलोत सरकार के मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भाजपा झूठ बोल रही है। राजगढ़ नगरीय निकाय बोर्ड का चेयरमैन भाजपा का है। उन्हें के इशारे पर मंदिर तोड़ा गया है। जबकि हमारे विधायक ने इसका विरोध किया था। 

बीजेपी धार्मिक भावनाओं को भड़काने का प्रयास कर रही है  : डोटासरा
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा भाई को भाई से लड़ने का काम करती है। अलवर मामले में बीजेपी और आरएसएस जूठा प्रचार कर रही है। ये केवल धार्मिक उन्माद फैला कर राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। भाजपा धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रही है।

डोटासरा ने कहा कि इनको दिल्ली से डांट पड़ी है, इसलिए ये ऐसा कर रहे हैं। राजगढ़ में अतिक्रमण भाजपा बोर्ड ने हटवाया है। इन्होंने गुजरात में मंदिर तोड़े, दिल्ली में तोड़ इसका कोई जवाब नहीं है। हमने अलवर में कोई कार्रवाई नहीं की है।

दो घंटे में कांग्रेस ने की दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस 
राजगढ़ में मंदिर तोड़ने के मुद्दे पर दो घंटे में कांग्रेस ने दूसरी बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जमकर भाजपा पर आरोप लगाए। दूसरी प्रेस कांफ्रेंस में मंत्री शांति धारीवाल और प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस का एक पार्षद विरोध कर रहा था, भाजपा के पार्षद मंदिर को तोड़ने के लिए तैयार थे।  

खाचरियावास ने कहा-भाजपा कसम खाए मंदिर नहीं तोड़ा
खाचरियावास ने कहा कि भाजपा कसम खाए की मंदिर नहीं तोड़ा। अगर मां का दूध पिया है तो सामने आकर बोले कि उनकी बोर्ड ने मंदिर नहीं तोड़ा है। उन्होंने कहा कि मंदिर तोड़ने पर मुख्यमंत्री आहत हुए हैं। मुख्यमंत्री जल्द ही मंदिर टूटने की घोषणा कर सकते हैं। 




Post a Comment

0 Comments